वैसे तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान CM राइज स्कूल के जरिए सूबे की शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, इनके शिक्षणिक स्तर के क्या हाल हैं, इसका ताजा उदाहरण प्रदेश के बालाघाट में उस समय देखने को मिला, जब यहां अचानक एक स्कूल पहुंचे कलेक्टर ने स्कूल मास्टरनी की ही क्लास ली। जिला मजिस्ट्रेट की क्लास में मास्टरनी साहेबा उन सवालों को ही खुद हल नहीं कर पाईं, जिन्हें बच्चों को पढ़ाने के लिए वो सरकारी से तनख्वाह ले रही हैं।
कलेक्टर ने हेड मास्टर सोना धुर्वे की सफाई सुनकर उनको ही सवाल हल करने के लिए कहा। कुछ देर के बाद मैडम ने सवाल तो हल किया, लेकिन उत्तर गलत आया। कलेक्टर ने दोबारा सवाल को हल करने के लिए कहा। इस बार भी सही जवाब नहीं आया। कलेक्टर ने हेड मास्टर से पूछा कि भाग करने के बाद कैसे पता करेंगे कि यह सही है या नहीं। तो मैडम कुछ जवाब नहीं दे सकी। इस पर कलेक्टर ने जमकर फटकार लगाई। उनकी एक वेतनवृद्धि रोकने और उन्हें हेड मास्टर के प्रभार से हटाने के निर्देश दिए हैं।
98 बच्चों के लिए पदस्थ हैं चार शिक्षक
बिरसा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले शासकीय प्राथमिक शाला मोहगांव में अभी 98 बच्चे दर्ज हैं। इन्हें पढ़ाने के लिए यहां चार शिक्षक पदस्थ हैं। बच्चों के पढ़ाई को स्तर को देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। इस मामले में हेड मास्टर सोना धुर्वे ने बताया कि कलेक्टर स्कूल का जायजा लेने आए थे। सवाल हल करने में थोड़ी गलती हो गई।
CM राइस स्कूल की टीचर भी हल नहीं कर सकी सवाल
कलेक्टर ने CM राइस स्कूल मलाजखंड की प्राथमिक कक्षाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बोर्ड पर 6024 लिखकर उसमें 5 का भाग देने कहा। बच्चों ने बताया कि वे इतनी बड़ी संख्या में भाग नहीं दे पाएंगे। इस पर टीचर दिनेश्वरी रहांगडाले को इस सवाल को हल करके बच्चों को समझाने को कहा गया। लेकिन वे भी इस सवाल को हल करने में गलती कर गई। इस स्थिति को देखकर कलेक्टर ने टीचर दिनेश्वरी रहांगडाले को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
काफी देर उस सवाल को ताकने के बाद जब प्राइमरी टीचर ने सवाल का जवाब दिया तो वो भी गलत था। इसपर कलेक्टर गिरीश मिश्रा खासा नाराज हो गए। उन्होंने टीचर को जमकर फटकार लगाने के साथ साथ उनकी एक वेतन वृद्धि रोकने और हेड मास्टर के पद से हटाने के निर्देश दे दिए हैं। सवाल को हल करते हुए प्रधान पाठिका का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।